उझानी पुलिस का सट्टेबाजों पर शिकंजा, सटोरिया गिरफ्तार।

1150 रुपये नकद, सट्टा डायरी और पेन बरामद, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज।

उझानी पुलिस ने शहर को सट्टा कारोबार से मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सटोरिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1150 रुपये नकद, एक बाल पेन और सट्टा डायरी बरामद हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम नगर क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

इसी दौरान उपनिरीक्षक राजेश प्रताप सिंह अपने हमराही कांस्टेबल हिमांशु सिरोही और भूपेंद्र के साथ सपरा गेस्ट हाउस के पास पहुंचे, जहां मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला बहादुरगंज स्थित काशीराम आवास की दीवार की आड़ में एक व्यक्ति सट्टा लगवा रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साहिल पुत्र इशरत निवासी गद्दी टोला, उझानी बताया।

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 1150 रुपये नकद, एक बाल पेन और सट्टा डायरी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सट्टा कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता नवीन गोस्वामी बदायूं उत्तर प्रदेश।

Leave a Comment