
इंदौर के राजमोहल्ला इलाके में सफाई कर रही महिला पर ऊपर से गिरा भारी पार्सल, वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।

इंदौर। शहर के राजमोहल्ला इलाके में बस स्टाफ की कथित लापरवाही के चलते एक महिला क्लीनर घायल हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला सफाई कार्य में जुटी हुई थी और अचानक ऊपर से फेंका गया एक पार्सल उसके ऊपर आ गिरा। हादसे में महिला को चोटें आई हैं। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, महिला क्लीनर बस परिसर में सफाई का काम कर रही थी। इसी दौरान बस स्टाफ द्वारा लापरवाहीपूर्वक एक भारी पार्सल नीचे फेंक दिया गया, जो सीधे महिला के ऊपर जा गिरा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए भेजा।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला अपने काम में व्यस्त थी, तभी ऊपर से पार्सल गिरने से वह घायल होकर नीचे बैठ जाती है। घटना के बाद लोगों ने बस स्टाफ की लापरवाही पर नाराजगी जताई और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थोड़ी और सावधानी बरती जाती तो यह हादसा टल सकता था। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट JANPADNEWS24UP