
नहाते समय गहरे पानी में डूबा युवक, गोताखोरों ने बाहर निकाला शव; उसावा क्षेत्र का रहने वाला था मृतक।

बदायूं। जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगा घाट पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने आया एक युवक नहाते समय गंगा नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।

जानकारी के अनुसार, युवक गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। इसी दौरान वह स्नान करने के लिए गंगा नदी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया।
मृतक की पहचान राहुल सक्सेना निवासी ग्राम नगरिया थाना उसावा के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गंगा घाट पर मौजूद लोगों में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट JANPADNEWS24UP