बदायूं में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायलअज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल।

बदायूं जिले के दातागंज तहसील क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उसहैत थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही उसहैत थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार घायल युवकों की पहचान उसहैत के वार्ड नंबर 2 निवासी रुकशाद पुत्र शमशाद और रसूलपुर नगला निवासी धीरज पुत्र रामवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।

थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों बाइक सवार उसहैत से बदायूं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में एक बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताई है।

संवाददाता नवीन गोस्वामी बदायूं उत्तर प्रदेश।

Leave a Comment