
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है। आंवला तहसील के सरदार नगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई।

हादसे के समय वहां मजदूर काम कर रहे थे, जो टंकी के मलबे में दब गए। घटना में 7 मजदूर घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि यह पानी की टंकी करीब डेढ़ साल पहले ही बनकर तैयार हुई थी। अचानक हुए इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें टंकी गिरने का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं में घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही के कारण आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
संवाददाता नवीन गोस्वामी बदायूं उत्तर प्रदेश।