
बिना रजिस्ट्रेशन और संदिग्ध डिग्री के आधार पर चल रहा था अस्पताल, जांच में नहीं मिले दस्तावेज।
सहसवान क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, सुधेश यादव निवासी धोबरखेड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि डॉ. उदल सिंह द्वारा उस्मानपुर स्थित अस्पताल बिना वैध रजिस्ट्रेशन और संदिग्ध डिग्री के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और नोडल अधिकारी/उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार व बाबू नितिन कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अस्पताल के पास कोई वैध रजिस्ट्रेशन या आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले।
इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अवैध अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ न हो सके।
संवाददाता नवीन गोस्वामी बदायूं उत्तर प्रदेश।