कछला गंगा घाट पर आस्था का सैलाब! बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी।

बुद्ध पूर्णिमा पर कछला गंगा घाट पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस। नमस्कार, आप देख रहे हैं। की बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के कछला घाट से, जहां पवित्र भागीरथी गंगा के तट पर बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।बुद्ध पूर्णिमा के शुभ दिन लाखों श्रद्धालुओं ने कछला स्थित गंगा घाट पर पहुंचकर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पवित्र दिन गंगा स्नान करने से सभी पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-शांति की प्राप्ति होती है।सुबह तड़के से ही घाटों पर भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज के जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। हर-हर गंगे और गंगा मैया की जयकारों से पूरा घाट क्षेत्र गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। गंगा घाट पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ गोताखोरों की टीम भी हर समय सतर्क रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।वहीं, मेले जैसा नजारा भी देखने को मिला। घाट के पास लगे मीना बाजार में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मेले का आनंद लिया। खाने-पीने की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भी खुशी का माहौल रहा।कुल मिलाकर, कछला गंगा घाट पर बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आस्था, सुरक्षा और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Comment