4 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद।
बदायूँ। जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इस दौरान थाना अलापुर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी आरोपी की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दातागंज के नेतृत्व में थाना अलापुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी अबरार (58 वर्ष), निवासी ग्राम भसराला, थाना अलापुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की शाम लगभग आठ बजे थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अलापुर में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर व्यापक सर्च अभियान शुरू किया।
लगातार तलाश के दौरान बच्ची को गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों से बरामद किया गया। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा काउंसलिंग कराई गई। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं भी बढ़ा दी गईं।
तकनीकी साक्ष्यों और काउंसलिंग से खुला मामला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर साक्ष्य संकलन तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच तेज कर दी। पुलिस ने पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों की लगातार काउंसलिंग भी कराई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अबरार की पहचान हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
मुठभेड़ में गिरफ्तारी, तमंचा बरामद।
पुलिस के मुताबिक 28 जून की सुबह आरोपी की घेराबंदी की गई। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक गौरव कुमार भी घायल हुए।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 110 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित अंगोछा बरामद किया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के संबंध में भी अलग मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया अपराध।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने वासना के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। घटनास्थल के पास से बरामद अंगोछे पर रक्त के धब्बे पाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। मामले में अन्य वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी का उपचार पूरा होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है और सभी साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
(नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट पर आधारित है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोप न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।)
JANPADNEWS24UP संपादक नवीन गोस्वामी।