मामूली विवाद में युवक की हत्या, गला दबाकर शव घर के बाहर फेंका।

उझानी क्षेत्र के नरऊ गांव में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने गांव के युवकों पर लगाया हत्या का आरोप।

उझानी/बदायूं। बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के 18 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नरऊ निवासी पिंटू का 18 वर्षीय बेटा अमन रविवार रात गांव के दो युवकों तथा मलिकपुर निवासी एक युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद में उलझ गया था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने अमन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक शव को घर के दरवाजे के बाहर फेंककर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों ने अमन को घर के बाहर पड़ा देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में नजर बनाए हुए है।

रिपोर्ट JANPADNEWS24UP

Leave a Comment