मनौना धाम से अगवा डेढ़ वर्षीय मासूम सकुशल बरामद, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल।

मनौना धाम से अगवा डेढ़ वर्षीय मासूम सकुशल बरामद, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल।

दिल्ली में बेचने ले जा रहे थे बच्चा, बरेली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बची मासूम की जिंदगी।

बरेली जनपद के थाना आंवला क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मनौना धाम से अगवा किए गए डेढ़ वर्षीय मासूम को बरेली पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी बदमाशों की फायरिंग में जख्मी हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मासूम बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार बदहवास था और मनौना धाम परिसर में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई थी। लेकिन पुलिस की सक्रियता, तकनीकी निगरानी और लगातार की गई सघन कार्रवाई ने कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

बताया गया कि 24 मई 2026 को थाना आंवला क्षेत्र के मनौना धाम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत रमन पुत्र रविंद्र निवासी डढ़रिया असगुणा थाना उसैत जनपद बदायूं ने पुलिस को सूचना दी कि उसका डेढ़ वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया है। रमन ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे उसके तीनों बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे। कुछ देर बाद दो बच्चे वापस लौट आए, लेकिन सबसे छोटा बच्चा गायब था। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना आंवला पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 278/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस सेल, फील्ड यूनिट और थाना आंवला पुलिस की पांच संयुक्त टीमें गठित की गईं।

पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही मोबाइल डंप डाटा, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आईं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दोनों आरोपी बच्चे को बाइक से दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में हैं और फुलासी तिराहे से गुजर सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

देर रात फुलासी तिराहे के पास पुलिस को एक बाइक पर दो युवक बच्चे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने लगे। तेज रफ्तार में भागते समय बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों आरोपी सड़क पर गिर पड़े और बच्चा झाड़ियों की ओर जा गिरा।

 

उप निरीक्षक सोमपाल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लिया, जबकि दूसरी ओर दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए।

 

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को चारों ओर से घेर लिया। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों और घायल हेड कांस्टेबल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम योगेश कन्नौजिया पुत्र दरबारी लाल निवासी धौवेला करीमनगर थाना गढ़िया रंगीन जनपद शाहजहांपुर उम्र 28 वर्ष तथा पवन चंदेल पुत्र ओमप्रकाश चंदेल निवासी मोहल्ला असफाक नगर थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर उम्र 25 वर्ष बताए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को दिल्ली ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं यह कोई बड़ा बच्चा तस्करी गिरोह तो नहीं है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस 315 बोर तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की तत्परता और संयुक्त टीमों की मेहनत से मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी नियमानुसार अलग से विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

इस घटना के बाद मनौना धाम और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली है। मासूम के सकुशल मिलने पर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की आमजन और स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

JANPADNEWS24UP संपादक नवीन गोस्वामी।

Leave a Comment