बदायूं में दर्दनाक हादसा: वाटर पार्क में 7 वर्षीय मासूम की डूबकर मौत, केयरटेकर गिरफ्तार, पुलिस ने पार्क किया सीज।

बदायूं में दर्दनाक हादसा: वाटर पार्क में 7 वर्षीय मासूम की डूबकर मौत, केयरटेकर गिरफ्तार, पुलिस ने पार्क किया सीज

बदायूं। जनपद के थाना अलापुर क्षेत्र में बने एक निजी वाटर पार्क में सात वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाटर पार्क के केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाटर पार्क को सीज कर दिया गया है। घटना के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार थाना अलापुर क्षेत्र के ग्राम भसराला निवासी जफर पुत्र रहमत शाह का सात वर्षीय पुत्र हसनैन 23 मई 2026 को अपने गांव के कुछ साथियों के साथ गांव के पास बने एक वाटर पार्क और स्विमिंग पूल में नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे बच्चे वाटर पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान करीब एक बजे मासूम हसनैन की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। आरोप है कि वाटर पार्क संचालक और मृतक बच्चे के परिजनों के बीच आपसी सहमति बनाकर शव को बिना पुलिस को सूचना दिए दफन कर दिया गया।

मामले की जानकारी जब 24 मई को थाना पुलिस को मिली तो पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जिला मजिस्ट्रेट बदायूं से अनुमति लेने के बाद तहसीलदार सदर दीपक कुमार की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकलवाया गया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई।

इसके बाद मृतक बच्चे के पिता जफर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि भसराला-अलापुर रोड पर इमादपुर के पास बने स्विमिंग पूल और वाटर पार्क का निर्माण नियमों और मानकों की अनदेखी कर किया गया था। वहां बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे और न ही संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई थी।

पुलिस ने मामले में वाटर पार्क संचालक जियाउद्दीन और केयरटेकर नदीम के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान सामने आया कि स्विमिंग पूल सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित किया जा रहा था। न तो वहां लाइफगार्ड मौजूद थे और न ही किसी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाटर पार्क को सीज कर दिया। वहीं वांछित आरोपी और वाटर पार्क के केयरटेकर नदीम पुत्र रशीद खान निवासी वार्ड नंबर 5 मोहल्ला नन्हे नगला कस्बा एवं थाना अलापुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरे मामले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान लापरवाही पाए जाने पर थाना अलापुर के प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह बिष्ट और संबंधित हल्का प्रभारी मनोज कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को भेजी गई है।

घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वाटर पार्क संचालकों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। बच्चों के लिए बने पूल में न तो पर्याप्त निगरानी थी और न ही सुरक्षा कर्मी तैनात थे। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो मासूम हसनैन की जान बचाई जा सकती थी।

यह हादसा एक बार फिर निजी वाटर पार्कों और स्विमिंग पूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा ऐसे वाटर पार्कों में जाते हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। कई जगह बिना अनुमति और बिना प्रशिक्षित स्टाफ के ही स्विमिंग पूल संचालित किए जा रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में संचालित अन्य वाटर पार्कों और स्विमिंग पूलों में भी हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासन द्वारा जिलेभर में ऐसे स्थानों की जांच अभियान चलाया जा सकता है।

फिलहाल मासूम हसनैन की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

JANPADNEWS24UP संपादक नवीन गोस्वामी।

Leave a Comment