तमिलनाडु में सियासी घमासान: सबसे बड़ी पार्टी बनी TVK, फिर भी सरकार गठन पर सस्पेंस बरकरार।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है।

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सीटें जीतकर द्रविड़ दलों को कड़ी टक्कर दी है।

हालांकि 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों का आंकड़ा पार्टी हासिल नहीं कर सकी, जिसके चलते राज्य में राजनीतिक असमंजस की स्थिति बन गई है।

चुनाव में DMK गठबंधन के साथ मैदान में उतरी कांग्रेस ने पांच सीटें जीतने के बाद बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया।

पिछले एक दशक से साथ चल रहे DMK-कांग्रेस गठबंधन के टूटने की खबर ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम सत्ता संतुलन बदल सकता है। चुनाव से पहले कांग्रेस के कई नेताओं ने TVK के साथ गठबंधन की इच्छा जताई थी, लेकिन उस समय बात आगे नहीं बढ़ सकी थी।

अब जब किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, तो कांग्रेस ने विजय की पार्टी के समर्थन में खड़े होकर नई राजनीतिक दिशा दे दी है।TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का दावा पेश किया है, लेकिन बहुमत का आंकड़ा अभी भी दूर है।

ऐसे में विजय ने सरकार गठन के लिए अन्य दलों और निर्दलीय विधायकों से भी समर्थन मांगा है। बुधवार को विजय ने तमिलनाडु के कार्यवाहक राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

हालांकि राजनीतिक घटनाक्रम ने नया मोड़ तब ले लिया जब राज्यपाल ने अभी तक विजय को सरकार गठन के लिए औपचारिक आमंत्रण नहीं दिया। इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में चर्चाओं और अटकलों का दौर तेज हो गया है।

विपक्षी दल इसे संवैधानिक प्रक्रिया बता रहे हैं, जबकि TVK समर्थक इसे राजनीतिक दबाव की रणनीति मान रहे हैं।तमिलनाडु में इस समय “हंग असेंबली” यानी त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी हुई है।

जब किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता, तब सरकार गठन के लिए जोड़-तोड़ और सहयोग की राजनीति अहम हो जाती है।

अब पूरे देश की नजर तमिलनाडु पर टिकी है कि क्या विजय अपनी पहली राजनीतिक परीक्षा में सरकार बनाने में सफल होंगे या फिर राज्य में नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेंगे।

janpadnews24up संपादक नवीन गोस्वामी।

Leave a Comment