
चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद कई बड़े फैसले लेकर साफ संकेत दे दिए हैं कि उनकी सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर तेजी से काम करेगी। मुख्यमंत्री बनते ही विजय एक्शन मोड में नजर आए और तीन अहम फैसलों को मंजूरी दे दी।

सरकार ने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष “महिला प्रोटेक्शन फोर्स” के गठन का फैसला लिया गया है। वहीं राज्य में बढ़ते नशे के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए हर जिले में “एंटी ड्रग स्क्वैड” बनाने की घोषणा भी की गई है।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री विजय भावुक नजर आए। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस भावुक पल की शुरुआत कैसे करें। विजय ने कहा, मैं किसी राजकुमार के परिवार से नहीं आया हूं। मैं आप लोगों के बीच से, आपके परिवार के सदस्य और भाई की तरह आया हूं। आपने मुझे प्यार दिया और सिनेमा में बड़ी पहचान दिलाई।

विजय के इस भावुक बयान और ताबड़तोड़ फैसलों के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाने और नई राजनीतिक शैली पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के साथ अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विजय अपने चुनावी वादों को कितनी तेजी से जमीन पर उतारते हैं।
रिपोर्ट JANPADNEWS24UP