कांवड़ यात्रा 2026: डीएम अवनीश राय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां।
बदायूं। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियां 25 जुलाई 2026 तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि 30 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, सफाई और अन्य व्यवस्थाएं तत्काल पूरी की जाएं। साथ ही इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को “सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त” बनाने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित विभागों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
छह घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कछला सहित कुल छह प्रमुख घाटों पर प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेने पहुंचते हैं। ऐसे में शासन की मंशा के अनुरूप सुरक्षा, स्वच्छता और सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगाए जाने वाले शिविर मुख्य सड़क से लगभग 10 से 15 फीट की दूरी पर स्थापित किए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो। शिविर संचालकों को अपने कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीजे की ऊंचाई होगी निर्धारित, केवल धार्मिक गीत बजाने की अनुमति
जिलाधिकारी ने स्नान घाटों पर बनाए जाने वाले वॉच टावरों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। संबंधित उप जिलाधिकारियों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर डीजे की निर्धारित ऊंचाई तय करने तथा यात्रा के दौरान केवल धार्मिक गीत बजाने के निर्देश देने को कहा गया। इसके साथ ही शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर आपसी सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में घाटों और कांवड़ मार्ग पर व्यापक सुरक्षा एवं सुविधा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत—
घाटों पर नियमित साफ-सफाई।
पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था।
प्रकाश व्यवस्था।
सीसीटीवी कैमरों की स्थापना।
सार्वजनिक शौचालय।
गोताखोरों की तैनाती।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम।
बैरिकेडिंग एवं दिशा संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
मेला अधिकारी नियुक्त, रूट डायवर्जन की तैयारी
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए उप जिलाधिकारी सदर को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि यात्रा के दौरान 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सोमवार पड़ने तथा 11 अगस्त को श्रावण मासिक शिवरात्रि होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए रोडवेज, पुलिस एवं परिवहन विभाग को रूट डायवर्जन और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मांस-मछली और शराब की दुकानों पर रहेगी निगरानी
एडीएम ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर मांस एवं मछली की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं आबकारी विभाग को शासन के निर्देशों के अनुरूप शराब की दुकानों के संचालन संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्ग की मरम्मत, विद्युत विभाग को बिजली के पोलों पर प्लास्टिक कवर लगाने एवं ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। पशुपालन विभाग को निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए कैटल कैचर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
कंट्रोल रूम और मेडिकल व्यवस्था होगी मजबूत
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट, सभी तहसीलों तथा नगर निकायों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को कांवड़ मार्ग पर झाड़ियों की कटाई तथा महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को शिविरों में वितरित होने वाले भोजन की नियमित जांच करने को कहा गया। यात्रा के दौरान 106 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की तैनाती भी की जाएगी।
331 किलोमीटर लंबा कांवड़ मार्ग, 123 शिवालय शामिल
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कांवड़ मार्ग की कुल लंबाई लगभग 331 किलोमीटर है, जिसके अंतर्गत 123 शिवालय आते हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं की विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गार्गी मिश्रा, संबंधित उप जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंडोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
JANPADNEWS24UP संपादक नवीन गोस्वामी।