पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन का ऐतिहासिक दिन, शुभेंदु अधिकारी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है।

भाजपा इसे “भयमुक्त और विकसित बंगाल” की शुरुआत बता रही है।शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र सरकार और एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, सुरेश गोपी सहित कई दिग्गज नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जीतन राम मांझी भी समारोह में शामिल होंगे।

भाजपा नेताओं ने इसे बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव बताया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “सोनार बांग्ला का सूर्योदय और भयमुक्त बंगाल की नई भोर शुरू होने जा रही है।”

उन्होंने कहा कि बंगाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय प्रारंभ होगा।शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसके तहत कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में समारोह को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

पार्टी इसे बंगाल में “परिवर्तन की जीत” और “सोनार बांग्ला” के सपने की शुरुआत के रूप में पेश कर रही है।

संपादक नवीन गोस्वामी।

Leave a Comment