
बदायूं में पुलिस मुठभेड़: महिला से कुंडल छीनने वाला शातिर बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार बदायूं, 30 अप्रैल। थाना कोतवाली क्षेत्र में महिला से कुंडल छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को आश्रय आवास कॉलोनी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने महिला के कानों से कुंडल छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।चेकिंग के दौरान कादरी तिराहे के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। घिरने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही पुष्पेंद्र बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू उर्फ बिकारूददीन (32 वर्ष) निवासी नई सराय, बदायूं के रूप में हुई है। उसके कब्जे से छीना हुआ कुंडल, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से ही लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।