ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत बदायूँ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.11 करोड़ रुपये से अधिक के 5140 किलो मादक पदार्थ किए गए नष्ट।
बदायूँ। उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत बदायूँ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों से बरामद किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण (निस्तारण) किया गया। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल 5140.139 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 14 करोड़ 11 लाख 36 हजार 910 रुपये आंकी गई है, नष्ट किए जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का न्यायालय एवं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया गया।
29 जून को नष्ट किए गए 1479.36 किलोग्राम मादक पदार्थ।
29 जून 2026 को किए गए विनिष्टीकरण में कुल 1479.36 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 30 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है। इनमें 0.2 किलोग्राम चरस, 1446.5 किलोग्राम डोडा, 0.101 किलोग्राम स्मैक, 26.234 किलोग्राम गांजा तथा 6.31 किलोग्राम नशीला पाउडर शामिल रहा।

पहले भी तीन चरणों में हुआ था विनिष्टीकरण।
बदायूँ पुलिस इससे पहले भी अलग-अलग तिथियों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट कर चुकी है।
– 28 अप्रैल 2026 को 609.194 किलोग्राम मादक पदार्थ (अनुमानित कीमत 2.59 करोड़ रुपये) का विनिष्टीकरण किया गया।
– 12 मई 2026 को 863.383 किलोग्राम मादक पदार्थ (अनुमानित कीमत 1.78 करोड़ रुपये) नष्ट किए गए।
– 31 मई 2026 को 2188.196 किलोग्राम मादक पदार्थ (अनुमानित कीमत 7.42 करोड़ रुपये) का सुरक्षित निस्तारण किया गया।
इन सभी चरणों को मिलाकर अब तक कुल 5140.139 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया जा चुका है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 14.11 करोड़ रुपये से अधिक है।

पर्यावरण मानकों का रखा गया विशेष ध्यान।
मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सम्पन्न कराई गई। यह कार्रवाई पुनः चक्रण प्राइवेट लिमिटेड, बबराला (जनपद सम्भल) में स्थापित उच्च क्षमता वाले इन्सीनरेटर के माध्यम से की गई, जिससे मादक पदार्थों को पूरी तरह भस्मीभूत कर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया।
अधिकारियों की निगरानी में पारदर्शी प्रक्रिया।
पूरे विनिष्टीकरण कार्य की निगरानी स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा, ड्रग डिस्पोजल कमेटी तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली श्री अंशुमन श्रीवास्तव की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो।
नशे के कारोबारियों को सख्त संदेश।
बदायूँ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन दहन” केवल मादक पदार्थों के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना भी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस आमजन से भी अपील कर रही है कि यदि कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बदायूँ पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार मानी जा रही है और इससे स्पष्ट संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

JANPADNEWS24UP संपादक नवीन गोस्वामी।